मुंबई में पेड़ों की कटाई के खिलाफ हंगामा, आरे कॉलोनी में पूरी रात विरोध प्रदर्शन; इलाके में धारा 144 लागू

मुम्बई: मुंबई की आरे कॉलोनी में पेड़ों की कटाई के मुद्दे पर बवाल जारी है। कल आधी रात को हंगामे के बाद आज सुबह पूरे इलाके में धारा 144 लगा दी गई है। आरे कॉलोनी से लोगों के गुजरने पर पाबंदी लगा दी गई है। बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश के बाद कल ही आरे कॉलोनी की पेड़ों की कटाई का काम शुरू हो गया। ये खबर सुनते ही प्रदर्शनकारी मौके पर पहुंच गए और विरोध-प्रदर्शन करने लगे। आधी रात को सड़क पर जबरदस्त हंगामा हुआ। पुलिस ने सभी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया तब जाकर हंगामा शांत हुआ।


 


सोशल मीडिया पर पेड़ों को काटने का वीडियो वायरल हो गया लेकिन मुम्बई मेट्रो रेल निगम के अधिकारियों से अब तक इसकी पुष्टि नहीं हो पायी है कि वाकई नियोजित मेट्रो कार शेड के लिए पेड़ों की कटाई शुरू हो गयी है लेकिन प्रस्तावित कार शेड स्थल पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किये गये हैं क्योंकि शुक्रवार देर रात सैकड़ों लोग पेड़ों को काटने से रोकने के लिए पहुंच गये थे।